सम सेमेस्टर परीक्षा में सचल दल ने पकड़ा 9 नकलची

सचल दल ने किया परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय द्वारा संचालित सम सेमेस्टर  परीक्षा की निगरानी कुलपति प्रोफेसर संजीत कुमार गुप्ता और कुलसचिव / परीक्षा नियंत्रक एस. एल. पाल  द्वारा की जा रही है। विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार प्रोफेसर सानंद सिंह के नेतृत्व में गठित सचल दल द्वारा जनपद के विभिन्न परीक्षा-केंद्रों पर औचक निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का उद्देश्य परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता एवं नकलमुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करना था। सचल दल ने प्रातःकाल से ही अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर पहुँचकर व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान टीम-1 ने बजरंग पी.जी. कॉलेज, सिकंदरपुर से 7 परीक्षार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा। इस दल के प्रभारी डॉ. दुर्गा प्रसाद सिंह हैं एवं सदस्य के रूप में, डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, डॉ. संजीव कुमार मिश्र, डॉ. सौम्या तिवारी शामिल  हैं। इस दल के सदस्यों ने परीक्षा कक्षों में जाकर परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नज़र रखी। कुछ केंद्रों पर अनुचित सामग्री पाए जाने पर संबंधित परीक्षार्थियों के विरुद्ध विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार कार्रवाई की गई। इसके साथ ही केंद्राध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सचल दल ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण की प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी एवं बैठने की समुचित व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि सभी परीक्षार्थी निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन कर रहे हैं और परीक्षा का वातावरण शांत एवं अनुशासित बना हुआ है।

सचल दल की दूसरी टीम ने भी मथुरा पी.जी. कॉलेज, रसड़ा से 2 परीक्षार्थियों को अनुचित सामग्री का प्रयोग करते हुए पकड़ा। इस दल के प्रभारी डॉ. प्रवीणनाथ यादव एवं सदस्य के रूप में डॉ. शैलेश कुमार, डॉ. आकाश मौर्य, डॉ. स्मिता शामिल हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि नकलमुक्त परीक्षा कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सचल दल द्वारा निरंतर निरीक्षण किया जाता रहेगा। यदि किसी भी केंद्र पर अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: विनय कुमार

Comments

Popular posts from this blog

खेल दिवस पर राजकीय महाविद्यालय नगवा में कबड्डी प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

ओजोन परत संरक्षण दिवस, 16 सितम्बर पर विशेष-

महिला सशक्तिकरण के बिना संभव नहीं हैं समग्र सामाजिक विकास: डॉ. पुष्पा मिश्रा