गुजरात के ऐतिहासिक व सांस्कृतिक धरोहर एवं लोक संस्कृति की हुई चर्चा
जे एन सी यू में गुजरात स्थापना दिवस और बुद्ध पूर्णिमा पर भव्य आयोजन
बलिया। जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय में 1 मई 2026 को गुजरात स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रो. एल. जे. सिंह, पूर्व कुलपति, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को विविध संस्कृतियों को समझने और अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता ने की।
कुलपति प्रो. गुप्ता ने इस आयोजन को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। गुजरात के ऐतिहासिक व सांस्कृतिक धरोहर एवं लोक संस्कृति की चर्चा की। उन्होंने कहा कि गुजरात प्रदेश की देश के स्वतंत्रता संग्राम में महत्त्वपूर्ण भूमिका रही है। विश्वविद्यालय परिसर स्थित जयप्रकाश नारायण सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुजरात की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, साहित्य, लोक परंपराओं एवं ऐतिहासिक योगदान से परिचित कराना रहा। साथ ही कुलपति ने आज बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर सभागार में उपस्थित समस्त प्राध्यापकगणों एवं विधार्थियों को बुद्ध पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कर कहा कि आज के समय में भगवान बुद्ध के विचार और भी अधिक प्रासंगिक है, जो समस्त नागरिकों को सहिष्णुता, सद्भाव और मानव कल्याण की दिशा में प्रेरित करने का कार्य करते हैं। गुजरात पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसने उपस्थित विद्यार्थियों को राज्य की विकास यात्रा, संस्कृति और परंपराओं की सजीव झलक प्रदान की।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा गुजरात के प्रसिद्ध लोक नृत्य ‘गरबा’ की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं। विश्वविद्यालय द्वारा इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समझ एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।इस अवसर पर विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न सहगामी गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिनमें दोपहिया वाहन रैली, स्वच्छता अभियान, ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण एवं फिल्म शो प्रमुख रहे। दोपहिया वाहन रैली के संयोजक डॉ. लाल विजय सिंह, स्वच्छता अभियान की संयोजक डॉ. रूबी एवं डॉ. रंजना मल्ल, तथा खेल प्रतियोगिता के संयोजक डॉ. प्रेमभूषण यादव एवं डॉ विवेक यादव रहे, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का स्वागत भाषण डॉ. पुष्पा मिश्रा एवं संचालन डॉ. सरिता पाण्डेय ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रमोद शंकर पाण्डेय ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. संजीव कुमार रहे। इस अवसर पर कुलसचिव एस. एल. पाल, डॉ.प्रियंका सिंह, डॉ.अजय कुमार चौबे, डॉ.विनीत सिंह एवं विश्वविद्यालय परिसर के प्राध्यापकगण, विद्यार्थीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहें।
रिपोर्ट: विनय कुमार
Comments
Post a Comment