रसड़ा विकास खंड में स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ

कन्या प्राथमिक विद्यालय के छात्रों ने बेसिक शिक्षा के महत्व पर किया  नाटक का मंचन
रसड़ा (बलिया)। स्थानीय विकास खंड में 'स्कूल चलो अभियान 2026-27' का शुभारंभ किया गया। जिसमें पकवाइनार स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र पर गुरूवार  को आयोजित की गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा को हर घर तक पहुंचाना है। श्रीनाथ बाबा मठ के पीठाधीश्वर कौशलेंद्र गिरी जी महाराज मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम की शुरुआत महामंडलेश्वर गिरी द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पण से हुई। 

खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) पवन कुमार सिंह और सभी प्रधानाध्यापकों ने मुख्य अतिथि का अंग वस्त्र, फूल-माला और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। वहीं पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय पकवाइनार के बच्चों ने स्वागत गीत गाया, जबकि कन्या प्राथमिक विद्यालय के छात्रों ने बेसिक शिक्षा के महत्व पर एक नाटक का मंचन किया।

इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने सर्वाधिक नामांकन करने वाले प्रधानाध्यापकों को प्रशस्ति पत्र दिए। निपुण स्कूल के प्रधानाध्यापकों और राष्ट्रीय आय आधारित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को भी मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि रसड़ा विकास खंड के 20 विद्यालय 'निपुण विद्यालय' घोषित हो चुके हैं, जो शिक्षा के स्तर में सुधार को दर्शाता है।

महंत कौशलेंद्र गिरी ने अपने संबोधन में कहा, "शिक्षा ही समाज में परिवर्तन लाने का एक माध्यम है। बच्चों को संस्कारवान और शिक्षित बनाना हम सभी का सामूहिक दायित्व व कर्तव्य है। 'स्कूल चलो अभियान' केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सामाजिक क्रांति है। हर बच्चा स्कूल जाए, सब पढ़े यही श्रीनाथ बाबा का आशीर्वाद है।"

खंड शिक्षा अधिकारी पवन कुमार सिंह ने बताया कि उनका मुख्य लक्ष्य इस सत्र में अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा, "हम घर-घर जाकर अभिभावकों को जागरूक कर रहे हैं। रसड़ा ब्लॉक शिक्षा के मानकों पर खरा उतरे, इसके लिए हमारे शिक्षक पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं।" कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने 'स्कूल चलो अभियान रैली' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हाथों में तख्तियां लिए बच्चे "आधी रोटी खाएंगे, रोज पढ़ने जाएंगे" जैसे नारे लगा रहे थे। 

कार्यक्रम का संचालक अजय कुमार सिंह एवं अध्यक्षता भृगुनाथ सिंह द्वारा किया गया जिसमें मुख्य रूप से प्राथमिक शिक्षा संघ के अध्यक्ष बलवंत सिंह, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के अध्यक्ष गणेश प्रसाद, मुकेश कुमार, संतोष कुमार, अटेवा अध्यक्ष मुन्नू राम, अंजनी कुमार गुप्ता, विवेक गुप्ता, मनोज मौर्य, विमल गुप्ता, प्रियंका सिंह, पंकज, श्वेता तिवारी एवं समस्त ब्लॉक के शिक्षक बच्चे उपस्थित थे।
रिपोर्ट: लल्लन बागी

Comments

Popular posts from this blog

खेल दिवस पर राजकीय महाविद्यालय नगवा में कबड्डी प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

ओजोन परत संरक्षण दिवस, 16 सितम्बर पर विशेष-

महिला सशक्तिकरण के बिना संभव नहीं हैं समग्र सामाजिक विकास: डॉ. पुष्पा मिश्रा