अनुशासन एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का मंच है एनएसएस: कुलपति

एनएसएस का सात दिवसीय शिविर का पौधरोपण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और संगोष्ठी के साथ संपन्न
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई–I एवं इकाई–II द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन  प्राथमिक विद्यालय, अपायल में पौधरोपण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतिवेदन प्रस्तुति एवं विचार संगोष्ठी के साथ संपन्न हुआ। यह शिविर विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता के संरक्षण एवं निर्देशन में आयोजित किया गया।

समापन समारोह के अवसर पर प्राथमिक विद्यालय, अपायल में एक विचार गोष्ठी का आयोजन भी किया गया। इस गोष्ठी की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता ने की।  उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक होते हैं।

गोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ अर्चना पाण्डेय उपस्थित रहीं। उन्होंने युवाओं को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति यदि सही दिशा में कार्य करे तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
इस अवसर पर अन्य अतिथियों में ग्राम प्रधान अपायल श्री हरिओम कुमार यादव, कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय, अपायल के प्रधानाध्यापक श्री दयानंद यादव तथा प्राथमिक विद्यालय, अपायल के प्रधानाध्यापक श्री परमात्मानंद भारती उपस्थित रहे। उन्होंने भी स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
समापन दिवस के अवसर पर स्वयंसेवकों द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया गया। स्वयंसेवकों ने परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।

कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयंसेवकों द्वारा सात दिवसीय शिविर के दौरान किए गए विभिन्न कार्यों और गतिविधियों का प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया गया। इसमें स्वच्छता अभियान, मतदाता जागरूकता रैली, सड़क सुरक्षा अभियान, ‘बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ’ जागरूकता कार्यक्रम, फ़ाइलेरिया जागरूकता अभियान तथा ‘स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ जीवन’ विषयक गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया गया। स्वयंसेवकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस शिविर के माध्यम से उन्हें समाज सेवा और जनजागरण के कार्यों को समझने का अवसर प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम का संयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. लाल विजय सिंह एवं डॉ. संजीव कुमार द्वारा किया गया। सात दिवसीय विशेष शिविर के समापन अवसर पर स्वयंसेवकों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया। इस प्रकार यह शिविर समाज सेवा, जागरूकता और सकारात्मक संदेशों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
रिपोर्ट: विनय कुमार

Comments

Popular posts from this blog

खेल दिवस पर राजकीय महाविद्यालय नगवा में कबड्डी प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

ओजोन परत संरक्षण दिवस, 16 सितम्बर पर विशेष-

टाउन पॉलिटेक्निक के सिविल छात्रों का निर्माणाधीन रोडवेज में औद्योगिक भ्रमण