उनकी मेहनत, लगन और नेतृत्व क्षमता से हमारी कार्य संस्कृति और अधिक सशक्त बन रही: आशीष जैन
28 महिला रेल कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए किया गया सम्मानित
वाराणसी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन की अध्यक्षता में वाराणसी मंडल पर कार्यरत महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए रविवार को वाराणसी मंडल के लहरतारा स्थित न्यू लोको कालोनी के इन्द्रप्रस्थ सामुदायिक हाल में समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में वाराणसी मंडल पर कार्यरत कुल 28 महिला रेल कर्मचारियों को उल्लेखनीय/उत्कृष्ट कार्य करने के लिए मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन द्वारा प्रशस्तिपत्र एवं मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती वानी जैन द्वारा उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती वानी जैन एवं कार्यकारिणी की सदस्याओं द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान, वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर रजत प्रिय, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (कैरेज एण्ड वैगन) अनुभव पाठक, सहायक कार्मिक अधिकारी विरेन्द्र यादव सहित कर्मचारी यूनियनों के पदाधिकारियों समेत मंडल कार्यालय एवं लाइन पर कार्यरत महिला रेल कर्मचारी उपस्थित थीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए बताया कि आज का दिन समाज, राष्ट्र और हमारे संगठन के निर्माण में महिलाओं के अद्वितीय योगदान को सम्मान देने का दिन है। भारतीय रेल जैसे विशाल संगठन में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। आज हमारी महिला कर्मचारी ट्रेन संचालन, इंजीनियरिंग, सुरक्षा, चिकित्सा, सेवाओं तथा प्रबंधन जैसे अनेक महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। उनकी मेहनत, लगन और नेतृत्व क्षमता से हमारी कार्य संस्कृति और अधिक सशक्त बन रही है।
हम सभी जानते हैं कि एक सशक्त समाज का निर्माण तभी संभव है जब महिलाओं को समान अवसर, सम्मान और सुरक्षित कार्य वातावरण प्राप्त हो। भारतीय रेल इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है चाहे वह कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करना हो, प्रशिक्षण और नेतृत्व के अवसर प्रदान करना हो, या फिर कार्य-जीवन संतुलन को बेहतर बनाने की पहलें हों। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाली 28 महिलाओं को उनके उत्साहवर्धन हेतु पुरस्कृत कर सम्मानित किया जा रहा है, आशा है कि अन्य महिला कर्मी भी इससे प्रेरित होकर अपने-अपने क्षेत्रों में और उत्कृष्ट कार्य करेंगी।
आज लगातार बढ़ रही है महिला रेल कर्मियों की भूमिका: श्रीमती वानी जैन
इस अवसर पर अपने सम्बोधन में मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती वानी जैन ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उपस्थित कार्यकारिणी की सदस्याओं, रेल कर्मियों एवं विशेष कर महिला रेलकर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि रेलवे, केवल पटरियों और ट्रेनों का नेटवर्क नहीं है, बल्कि यह देश की जीवन रेखा है तथा इस जीवन रेखा को सार्थक बनाने में आज महिला रेल कर्मियों की भूमिका लगातार बढ़ रही है। रेलवे में अनुशासन, जिम्मेदारी और कभी-कभी कठिन परिस्थितियों में भी काम करने की आवश्यकता होती है।
महिला रेलकर्मी अपने परिवार और कार्य-दोनों के बीच संतुलन बनाते हुए अपनी जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभा रही हैं। प्रत्येक वर्ष अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस हमें यह याद दिलाता है कि हमें महिलाओं के योगदान को पहचानना चाहिए और उन्हें आगे बढ़ने के लिए समान अवसर, सम्मान और सहयोग देना चाहिए। जब महिलाएँ सशक्त होती हैं, तब केवल एक परिवार नहीं बल्कि पूरा समाज और राष्ट्र मजबूत होता है।
उक्त समारोह में महिला कर्मचारियों एवं स्काउट एवं गाइड के बच्चों के द्वारा महिला सशक्तिकरण सम्बंधित अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। जिसमें कार्मिक विभाग की महिला रेल कर्मी श्रीमती महुआ बनर्जी ने अपने सुरों से भाव विभोर किया तथा गाइड बच्चियों द्वारा प्रस्तुत मनोरमा नृत्य नाटिका पर प्रसन्न होकर अध्यक्षा श्रीमती वानी जैन ने रूपये दस हजार के पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा की।
इसके उपरान्त अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सहायक मंडल चिकित्सा अधिकारी डां. ममता सिंह ने एनीमिया बीमारी के लक्षण और इससे बचने के उपाय के बारे में पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से महिला कर्मचारियों को जागरूक किया। कार्यक्रम का संचालन कार्यालय अधीक्षक/ कार्मिक श्रीमती निरु अवस्थी ने एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अभिनव कुमार सिंह द्वारा किया गया।
Comments
Post a Comment