पति सहित सास-ससुर पर दहेज हत्या का मुकदमा, दो गिरफ्तार
संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत
रसड़ा (बलिया)। आदर्श नगर पालिका रसड़ा क्षेत्र के मोहल्ला बनियाबांध में रविवार की रात्रि पारिवारिक कलह एवं दहेज उत्पीड़न से तंग आकर विवाहिता ने अपने कमरे में पंखे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची रसड़ा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पति सहित सास- ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर दो को गिरफ्तार कर लिया है।
रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के सरदासपुर गांव निवासी श्रीनाथ मौर्या की 22 वर्षीय पुत्री अराधना की शादी एक वर्ष पूर्व बनियाबांध के पारस कुशवाहा के पुत्र कमलेश कुशवाहा के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर पारिवारिक कल बढ़ने लगा। लगभग एक माह पूर्व अराधना का पति कमलेश कुशवाहा प्राइवेट कंपनी में कार्य करने मुम्बई गया हुआ था। इस बीच घर की कलह और बढ़ता ही गया है। जिससे तंग आकर अराधना ने रविवार की रात्रि अपने कमरे में लगे पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
रसड़ा उतरी चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मृतक के पिता श्रीनाथ मौर्या की तहरीर पर अराधना के पति कमलेश कुशवाहा, ससुर पारस कुशवाहा तथा सास किरण देवी के खिलाफ दजेह हत्या का मुकदमा दर्ज कर सास व ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
रिपोर्ट: लल्लन बागी
चित्र परिचय: मृतक अराधना (फाइल फोटो)
Comments
Post a Comment