महिलाओं के सशक्तिकरण के बिना समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव नहीं: श्रीमती चारू चौधरी
जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय में “नारी उन्नयन में सरकार की भूमिका” विषयक व्याख्यान संपन्न
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया के सभागार में “नारी उन्नयन में सरकार की भूमिका” विषय पर एक विशिष्ट व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता श्रीमती चारू चौधरी, उपाध्यक्ष, राज्य महिला आयोग रहीं।
अपने उद्बोधन में श्रीमती चौधरी ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के बिना समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं—जैसे महिला सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोज़गार और आत्मनिर्भरता—पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सरकार की नीतियों का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाना है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ निर्णय लेने में सक्षम बन सकें।
उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही नारी उन्नयन का सबसे सशक्त माध्यम है। उच्च शिक्षा संस्थानों की भूमिका केवल ज्ञान प्रदान करना ही नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, संवेदनशीलता और अधिकारों के प्रति जागरूकता विकसित करना भी है। उन्होंने महिलाओं के अधिकारों की रक्षा हेतु राज्य महिला आयोग की कार्य प्रणाली, शिकायत निवारण तंत्र तथा कानूनी सहायता की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर संजीत कुमार गुप्ताने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय समाज में सकारात्मक परिवर्तन का केंद्र होता है और ऐसे विषयों पर विमर्श विद्यार्थियों को जागरूक एवं उत्तरदायी नागरिक बनने के लिए प्रेरित करता है।श्रीमती चौधरी ने सभी प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर देते हुए युवाओं से सामाजिक परिवर्तन में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। यह व्याख्यान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ।
कार्यक्रम का संयोजन महिला अध्ययन केन्द्र का समन्वयक डॉ रंजना मल्ल और सदस्य डॉ स्मिता, डॉ धन्यवाद ज्ञापन डॉ प्रज्ञा बौद्ध ने किया। इस अवसर पर निदेशक शैक्षणिक डॉ पुष्पा मिश्रा, कुलानुशासक डॉ प्रियंका सिंह, अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ अजय चौबे, डॉ नीरज कुमार सिंह, डॉ छबिलाल, डॉ संजीव कुमार समेत विश्वविद्यालय के समस्त प्राध्यापक गण और कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: विनय कुमार
Comments
Post a Comment