शासनादेश की घोर अवमानना कर रहे बांसडीह तहसीलदार: नागेंद्र बहादुर सिंह झुन्नू
कहा: जिले के किसी भी छात्र के साथ अन्याय नहीं किया जाएगा बर्दाश्त
बांसडीह (बलिया)। पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति व ऑल गोंडवाना स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आगसा) की संयुक्त बैठक 12 फरवरी दिन गुरुवार को बांसडीह तहसील पर की गयी। बैठक में जनजाति गोंड समुदाय के छात्र नौजवानों ने कहा कि भारत के राष्ट्रपतीय राजपत्र संविधान शासनादेश द्वारा गोंड जाति को अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र जारी करने हेतु स्पष्ट निर्देश दिया गया है जिसका अनुपालन बांसडीह तहसीलदार साहब द्वारा नहीं किया जा रहा है।
गोंड जाति प्रमाण पत्र बनवाने हेतु ऑनलाइन आवेदन करने पर सभी आवेदन लेखपाल व तहसीलदार बांसडीह द्वारा बार बार अस्वीकृत निरस्त कर दिया जा रहा है! अनावश्यक रूप से परेशान व उत्पीड़न किया जा रहा है जबकि इसी बांसडीह तहसील से पूर्व में दादा, पिता, भाई का गोंड अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र जारी किया गया है। आजादी के पूर्व के भू-राजस्व अभिलेखों 1345, 1356 व 1359 फसली में भी स्पष्ट रूप से गोंड अंकित है जो आज भी तहसील और कलेक्ट्रेट के रिकॉर्ड रुम में तहसील और जिला प्रशासन के संरक्षण में आज भी सुरक्षित है। इसके बावजूद भी बांसडीह तहसीलदार द्वारा भारत के राष्ट्रपतीय राजपत्र संविधान शासनादेश की घोर अवमानना करते हुए आदिवासी जनजाति गोंड की जाति बदलने का अथक प्रयास किया जा रहा है। छात्रा नेता राजा गोंड ने कहा कि जाति प्रमाण पत्र के अभाव में अधिकांश गोंड छात्र नौजवान लेखपाल व पुलिस भर्ती का आवेदन करने से वंचित रह गए। छात्रवृति का फॉर्म भरने से भी वंचित हो जा रहे हैं। पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति के संयोजक श्री मुरली मनोहर टाऊन स्नातकोत्तर महाविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष नागेंद्र बहादुर सिंह झुन्नू ने कहा कि मा.प्रमुख सचिव उत्तर प्रदेश शासन समाज कल्याण अनुभाग-3 लखनऊ शासनादेश दिनांक 3 नवम्बर 2021 द्वारा दिए गए दिशा निर्देश का अक्षरशः अनुपालन करते हुए गोंड अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र सुगमता पूर्वक जारी किया जाय। गोंड जनजाति प्रमाण पत्र जारी करने की लड़ाई आंदोलन का पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति पूर्ण रूप से समर्थन करती है।
वरिष्ठ छात्र नेता नागेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि जिले के किसी भी छात्र के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में प्रमुख रूप से नागेंद्र बहादुर सिंह झुन्नू के अलावा अरविंद गोंडवाना, लल्लन गोंड, राजा गोंड, गौतम गोंड, राजेंद्र गोंड, ओमप्रकाश गोंड, पंकज गोंड, प्रिंस गोंड, दीपक गोंड, संदीप गोंड, विशाल गोंड, अनिकेत गोंड, ललल प्रमुख रूप से रहे।
Comments
Post a Comment