नपा चेयरमैन को भी किया धन्यवाद ज्ञापित
बलिया। नगर पालिका परिषद बलिया द्वारा लगाया गया स्वकर (Self Tax) अब निरस्त कर दिया गया है। लंबे समय से नगर वासियों और व्यापारियों द्वारा इसके विरोध और आपत्तियों को देखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय रहा।
ज्ञात हो कि इसके पूर्व संयुक्त व्यापार मंडल ने इस कर का पुरजोर विरोध किया था, जिसके फलस्वरूप नगर के सभी व्यापारी गण लामबंद हो गए थे। विरोध की इस एकजुटता ने प्रशासन को पुनर्विचार करने पर विवश किया और अंततः जनता के हित में स्वकर को समाप्त करना पड़ा।
फैसले के बाद नगर में हर्ष और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। नगर के हृदय स्थल चौक पर सभी व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं व्यापारी एकत्र हुए और अबीर- गुलाल खेलकर एक-दूसरे को बधाई दी। इस अवसर पर नगर पालिका चेयरमैन को भी धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
इस मौके पर राधा रमन, प्रदीप रस्तोगी, मंजय सिंह, प्रदीप वर्मा, अतुल सिंह, रजनीकांत, अरुण गुप्ता, अभिषेक सोनी, अरविंद गांधी, अशोक गुप्ता, आकाश पटेल, श्याम जी, सागर सिंह, यशवंत सिंह बिशेन सहित सभी संगठनों के प्रतिनिधि एवं सदस्यगण मौजूद रहे।
व्यापार जगत ने इस कदम का स्वागत करते हुए इसे जनता-हित में लिया गया सराहनीय निर्णय बताया है। नगर पालिका प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि भविष्य में जनता की राय और हितों को ध्यान में रखकर ही ऐसे निर्णय लिए जाएंगे।
No comments:
Post a Comment