आरएसएस बलिया नगर शाखा द्वारा मकर संक्रांति उत्सव का आयोजन
बलिया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बलिया नगर के दीनदयाल बस्ती के अंतर्गत लगने वाली दीनदयाल शाखा द्वारा श्री लक्षिराम ब्रह्म बाबा मंदिर परिसर में जहां शाखा लगती है, मकर संक्रांति उत्सव का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम कार्यक्रम के मुख्य वक्ता/ मुख्य अतिथि विभाग सामाजिक समरसता प्रमुख मणिराम मिश्रा व कार्यक्रम के अध्यक्ष सेवा निवृत्त अभियंता अश्वनी कुमार पांडेय द्वारा परम पूज्य डॉ. केशवराव बलिराम हेडगेवार व पूज्य श्री माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर जी के चित्र पर पुष्पार्चन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
उस अवसर पर अपने उद्बोधन में मुख्य वक्ता मणिराम मिश्रा ने बताया कि मकर संक्रांति केवल एक तिथि या ऋतु परिवर्तन का पर्व नहीं है, अपितु यह भारतीय जीवन-दृष्टि का प्रतीक है। सूर्य का उत्तरायण होना हमें यह संदेश देता है कि अंधकार से प्रकाश की ओर, जड़ता से सक्रियता की ओर तथा स्वार्थ से राष्ट्रभाव की ओर बढ़ना ही जीवन का उद्देश्य है। भारतीय संस्कृति में प्रकृति, समाज और व्यक्ति तीनों का गहरा समन्वय दिखाई देता है। मकर संक्रांति के दिन तिल-गुड़ का आदान-प्रदान केवल स्वाद का नहीं, बल्कि यह कटुता त्यागकर मधुर संबंध स्थापित करने का संदेश देता है। यही सामाजिक समरसता का मूल भाव है।
उन्होंने आगे बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ इस पर्व को विशेष रूप से सहभोज के माध्यम से मनाता है। सहभोज में कोई छोटा-बड़ा, ऊँच-नीच नहीं होता। सभी एक पंक्ति में बैठकर भोजन करते हैं। यह व्यवहारिक रूप से यह सिखाता है कि समाज की शक्ति समरसता में है। राष्ट्र का निर्माण समानता और सहभागिता से होता है। संघ का कार्य व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण की ओर अग्रसर होता है। मकर संक्रांति का यह पर्व स्वयंसेवकों को स्मरण कराता है कि
हमारा जीवन केवल व्यक्तिगत उन्नति के लिए नहीं,
बल्कि समाज और राष्ट्र के उत्थान के लिए समर्पित होना चाहिए।
उन्होंने आगे बताया कि आज जब समाज अनेक प्रकार की विभाजनकारी प्रवृत्तियों से जूझ रहा है, तब मकर संक्रांति का यह संदेश और भी प्रासंगिक हो जाता है कि “हम सब एक हैं, हमारा राष्ट्र एक है, और हमारी संस्कृति एक है।” अतिथि परिचय शाखा कार्यवाह पंचानन सिंह द्वारा कराया गया।
इस कार्यक्रम के मुख्य शिक्षक सत्येंद्र प्रताप सिंह थे।
एकल गीत राजेश सिंह, अमृतवचन अविनाश सिंह द्वारा कराया गया। प्रार्थना अनिल कुमार सिंह द्वारा कराया गया।
इस अवसर पर सह विभाग कार्यवाह हरनाम, जिला प्रचारक अखिलेश्वर, जिला शारीरिक शिक्षण प्रमुख चंद्रशेखर सिंह, गणेश, नगर कार्यवाह मारुति नन्दन, सह नगर कार्यवाह संतोष, नगर संयोजक धर्म जागरण सतीश चन्द्र पाठक, शमशेर बहादुर सिंह, वीरेंद्र कुमार पांडेय, दिवाकर दुबे, पिंकू पाण्डेय अनिल तिवारी, रवींद्रनाथ चौबे, पतिरामजी, वीरेंद्र सिंह, रविन्द्र नाथ तिवारी, अरविंद कुमार द्विवेदी आदि के साथ सैकड़ों बन्धु भगिनियाँ उपस्थित थीं।
No comments:
Post a Comment