Thursday, August 4, 2022

नौ अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा फहराएंगे सपाई

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर कान्हजी ने की जुट जाने की अपील
बलिया। सपा के निवर्तमान प्रवक्ता सुशील कुमार पाण्डेय कान्हजी ने कहा है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर जनपद में नौ अगस्त से 15 अगस्त 2022 तक हर घर पर तिरंगा ध्वज फहराया जाएगा।

कान्हजी ने गुरुवार को प्रेस को एक बयान जारी कर कहा कि राष्ट्रध्वज को पूरे सम्मान के साथ फहराया जाना चाहिए। राष्ट्रध्वज की पवित्रता एवं गरिमा कायम रहनी चाहिए। कान्हजी ने कहा कि स्वेच्छा से प्रत्येक नागरिक अपने आवास पर राष्ट्रध्वज फहराएं। राष्ट्रीय ध्वज खादी का बना हो। राष्ट्रध्वज हमारे राष्ट्रीय गौरव  का प्रतीक है। उस पर हर भारतीय गर्व करता है। उन्होंने कहा कि नौ अगस्त 1942 को महात्मा गांधी जी ने अंग्रेजो को भारत छोड़ने की चेतावनी दे दी थी। गांधी जी ने अपने भाषण में देश को ‘‘करो या मरों‘‘ का मंत्र दिया था। ‘‘अंग्रेजों भारत छोड़ों‘‘ प्रस्ताव 8 अगस्त 1942 की रात को पारित होते ही अंग्रेज सरकार का दमन चक्र शुरू हो गया था। सभी नेता तड़के सुबह से गिरफ्तार कर लिए गए। तब जेपी, लोहिया, अरूणा आसिफ अली, ऊषा मेहता आदि समाजवादियों ने आंदोलन का नेतृत्व किया।

 9 अगस्त 1942 को चारों तरफ कड़ी सुरक्षा के बावजूद अरूणा आसिफ अली ने अधिवेशन स्थल ग्वालियर टैंक मैदान बम्बई में तिरंगा ध्वज फहरा दिया। डॉ लोहिया ने ऊषा मेहता के साथ नेपाल से ‘आजाद रेडियों‘ के माध्यम से आजादी के आंदोलन को पूरी ताकत से जारी रखने का आव्हान करते रहे। जयप्रकाश नारायण हजारीबाग जेल तोड़कर आंदोलन को गति दी। भारत की आजादी की आखिरी लड़ाई की याद में नौ अगस्त क्रांति दिवस के रूप में तो मनाया ही जाता है इस वर्ष तो 15 अगस्त को आजादी का 75वां वर्ष भी होगा। डॉ राममनोहर लोहिया का मानना था कि 15 अगस्त 1942 राज्य की महान घटना जरूर है, जिस दिन हमें आजादी मिली थी, लेकिन 9 अगस्त 1942 देश की जनता की उस इच्छा की अभिव्यक्ति थी जिसने ठान लिया था कि हमें आजादी चाहिए और हम आजादी लेकर ही रहेंगे। यह आंदोलन राष्ट्रव्यापी था जिसमें बड़े पैमाने पर जनता ने हिस्सेदारी की और अभूतपूर्व साहस प्रदर्शित किया।

    कान्हजी ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने अपील में कहा है कि शहर- गांव, अमीर-गरीब, किसान- श्रमिक, व्यापारी- दुकानदार- सरकारी एवं प्राइवेट संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों, सभी को इस आयोजन में स्वेच्छा से सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। इस अभियान में किसी को भी जुड़ने से बचना नहीं चाहिए। प्रत्येक नागरिक अपना राष्ट्रीय कर्तव्य समझकर इस अभियान में शामिल हों। राष्ट्रध्वज के दिन-रात फहराए जाने पर भी अब कोई प्रतिबंध नहीं है। कान्हजी ने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर 9 से 15 अगस्त 2022 के बीच नित्य अपने आवास पर राष्ट्रध्वज को ससम्मान फहराये जाने में सहयोग करने का एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देष के पालन हेतु आह्वान किया।

No comments:

Post a Comment

पूजा, उपासना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बदौलत ही जीवित है हमारी संस्कृति: सुजीत सिंह

कमेटी के सदस्यों सहित एवं कलाकारों को अंगवस्त्र एवं टी शर्ट देकर किया सम्मानित दुबहर (बलिया)। क्षेत्र के अखार गांव के शिव मंदिर...