Monday, April 7, 2025

हिंदू समाज के कुशल संगठन कर्त्ता थे भगवान श्रीराम: अंबेश जी



आरएसएस हनुमानगंज खण्ड के स्वयंसेवकों द्वारा निकला गया विशाल पथ संचलन
बलिया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हनुमानगंज खण्ड के स्वयंसेवकों द्वारा रामनवमी पर खण्ड मे संघ का विशाल पथ संचलन निकाला गया। जिसमें बड़ी संख्या में पूर्ण गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने भाग लिया। अपरान्ह तीन बजे हनुमानगंज स्थित महादेव मार्केट व रिसार्ट के परिसर में संघ के सभी स्वयंसेवकों का एकत्रीकरण हुआ जहां से सभी स्वयंसेवकों का पूर्ण गणवेश में घोष दल के घोष वादन के साथ सँचलन निकला जो रिसार्ट के परिसर से निकलकर विभिन्न मार्गों से होता हुआ पुनः वापस महादेव रिसार्ट के परिसर में पहुंचा। 


यहां पर मुख्य वक्ता विभाग प्रचारक अम्बेश, सह जिला संघचालक डॉ. विनोद, खण्ड संघचालक रविन्द्र मोहन व कार्यक्रम के अध्यक्ष व्यवसायी विवेक गुप्ता द्वारा भगवान राम, भारत माता, पूज्य डॉ0 हेडगेवार व पूज्य श्रीगुरुजी के चित्र पर पुष्पार्चन कर मंचीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। पुष्पार्चन के बाद ध्वजारोहण हुआ तथा अतिथि परिचय के बाद मुख्य वक्ता विभाग प्रचारक अंबेश का पाथेय प्राप्त हुआ। विभाग प्रचारक अंबेश ने स्वयंसेवकों को रामनवमी की हार्दिक शुभकामना देते हुए कहा कि भगवान राम के जन्म की जयंती के रूप में मनाया जाने वाला यह त्योहार हिंदू संस्कृति में बहुत महत्वपूर्ण है। सनातन धर्म के शास्त्रों में भगवान के अवतार लेने के अनेक कारण बताए गए हैं, जैसे की धर्म की संस्थापना, साधुओं की रक्षा, असुरों का संहार। किंतु सर्वशक्तिमान भगवान के लिए अवतरण हेतु, यह सब केवल बहिरंग करण हैं। 


भगवान के अवतरण का मुख्य उद्देश्य जीव कल्याण है। वे इस लक्ष्य पूर्ति हेतु अपने दिव्य नाम, रूप, गुण, लीला, धाम, और संतों को प्रकट करते हैं, जिनका अवलंब लेके कोटि-कोटि जीव भक्ति करके अपना कल्याण करते हैं एवं भवसागर से पार हो जाते हैं। उन्होंने आगे कहा कि भगवान श्रीराम हिंदू समाज के कुशल संगठन कर्त्ता थे। भगवान श्रीराम ने त्रेता युग में समाज के वंचित, शोषित, पीड़ित लोगों को संगठित कर उस समय के एक महाशक्ति से लड़ा और विजय भी पायी। उनका संपूर्ण जीवन चरित्र वर्तमान युग में भी अनुकरणीय व आदर्श का है। उन्होंने संघ के विषय में विस्तार से बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ संपूर्ण हिंदू समाज का संगठन है। डॉ0 केशवराव बलिराम हेडगेवार ने संघ की स्थापना कर संपूर्ण हिंदू समाज को एकजुट करने का अभियान शुरू किया जो निरंतर चल रहा है।


उन्होंने आगे कहा कि सभी को संगठित रहकर राष्ट्र एवं समाज की सेवा करना है। बिना संगठन के हमारा कोई अस्तित्व नहीं। हम सबको संगठित रहकर समाज एवं राष्ट्र विरोधी अराजक तत्वों का डटकर मुकाबला करना होगा। उन्होंने आगे कहा कि डॉ0 हेडगेवार द्वारा सन 1925 में कुछ स्वयंसेवकों के साथ लगाया गया यह संघ रूपी नन्हा सा बीज आज विशाल वटवृक्ष के रूप में हिंदू समाज में अपनी गहरी जड़े जमा चुका है व देश हित व भारत के परम वैभव के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु निरन्तर चरैवेति चरैवेति कार्य कर रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि संघ के स्वयंसेवक अनुशासित होते है तथा अपना कार्य पूर्ण जिम्मेदारी के साथ करता है। इसका एकमात्र कारण एक घण्टे की शाखा है। एक घण्टे की शाखा में व्यक्ति विभिन्न कार्यक्रमों माध्यम से स्वयंसेवकों के व्यक्तित्व का निर्माण होता है। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में विवेक गुप्ता ने उपस्थित स्वयसेवकों से कहा कि आज के इस कार्यक्रम से मन अत्यंत प्रफुल्लित है। हम सभी को एकजुट व संगठित होने की परम आवश्यकता है। अंत में संघ प्रार्थना के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस कार्यक्रम के मुख्य शिक्षक जिला शारीरिक शिक्षण प्रमुख चन्द्रशेखर थे। अतिथियों का परिचय खण्ड कार्यवाह संजेश व प्रार्थना सौरभ पांडेय ने कराया। इस अवसर पर जिला कार्यवाह अरुण मणि, सम्पर्क प्रमुख ओम प्रकाश राय, जिला संयोजक पर्यावरण संरक्षण मारुति नन्दन, खण्ड शारीरिक शिक्षण प्रमुख विद्या सागर, खण्ड बौद्धिक शिक्षण प्रमुख मुरलीधर चैरसिया, भानुजी, रितेश सनातनी के साथ हनुमानगंज खण्ड के सैकड़ों स्वयंसेवक बन्धु उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment

चंद्रशेखर विवि में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का हुआ भव्य आयोजन

राज्य विश्वविद्यालयों में चला अधिकतम संख्या में सूर्य नमस्कार करने वालों के विश्व कीर्तिमान का अभियान बलिया। जननायक चन्द्रशेखर व...