प्रतिदिन 150 किलो कार्बन उत्सर्जन कर रहा एक परिवार, अब बदलाव की जरूरत : वीरेन्द्र कुमार
महर्षी संदीपनी विद्या मंदिर में पर्यावरण संरक्षण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम संपन्न
बलिया। महर्षी संदीपनी विद्या मंदिर में पर्यावरण संरक्षण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत सह संयोजक वीरेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि केवल पेड़ लगाने से पर्यावरण की रक्षा संभव नहीं है, बल्कि हमें अपने दैनिक जीवन में भी संकल्प और सावधानियां अपनानी होंगी।
उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे व्यवहारिक परिवर्तन से ही बड़े परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि एक परिवार प्रतिदिन औसतन 150 किलो कार्बन उत्सर्जन करता है, जो प्रतिवर्ष लगभग 10 हजार किलो तक पहुंच जाता है। वर्तमान में कार्बन उत्सर्जन में 53 प्रतिशत की वृद्धि हो चुकी है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने संसाधनों के सीमित होने का उल्लेख करते हुए कहा कि हमें उनका न्यूनतम उपयोग करना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इनका लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर महर्षी सांदीपनी विद्या मंदिर के प्रबंधक सोमदत्त सिंह जी ने विद्यार्थियों से विद्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, कचरा न फैलाने और अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत विद्यालय और घर से ही होनी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, जल संरक्षण करने तथा ऊर्जा की बचत करने का वचन दिया। अंत में सभी ने मिलकर स्वच्छ एवं हरित परिसर बनाने का संकल्प दोहराया।
रिपोर्ट: राकेश आनंद
Comments
Post a Comment